वृद्ध पति पत्नी की हत्या का खुलासा नहीं होने पर ग्रामीणों ने किया थाना का घेराव, दिया एक दिवसीय धरना
नरेश कुमार/बड़कागांव।बड़कागांव थाना क्षेत्र के बादम पंचायत अंतर्गत बाबूपारा गांव में 15 फरवरी को वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। घटना के करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा मामले का खुलासा नहीं होने के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने थाना मुख्य गेट के समीप घेराव कर एक दिवसीय धरना दे दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हत्या में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोग भयभीत हैं।
धरना कार्यक्रम पूर्व मुखिया दीपक दास के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान मुंशी दास, रामविलास दास, अशोक दास, धनेश्वर दास, वीरेंद्र दास, रंजन दास, बसंत दास, सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, देवनाथ दास, त्रिवेणी महतो, शंकर लाल, ऋतु राज दास, पवन कुमार, ऋतिक कुमार, संतोष कुमार दास, सूरज कुमार, हीरालाल पासवान, राजेश पासवान, बुधन पासवान, भीम महतो, तालेश्वर महतो, प्रवीण महतो, राहुल महतो, रवि कुमार, कैलाश महतो, जगदीश राम, तरुण कुमार, तपोस पासवान, जागेश्वर पासवान, रंजीत दांगी, करुणा देवी, कौशल्या देवी, पानू देवी, अनीता देवी सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।ग्रामीणों ने बताया कि घटना के विरोध में गांव में इस वर्ष होली नहीं मनाई गई। साथ ही ग्रामीणों ने होली के शाम न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च भी निकाला था।
इस बीच पुलिस ने मृतक के द्वितीय पुत्र राजेंद्र दास, उनकी पत्नी सरस्वती देवी तथा बालेश्वर महतो को पूछताछ के लिए थाना बुलाया है। ज्ञात हो कि बाबुपारा गांव में 15 फरवरी की रात वृद्ध वकील दास (80) को गला रेत और उनकी पत्नी झुनियां देवी (70) की धारदार हथियार से माथा तथा चेहरा में वार कर हत्या कर दी गई थी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।इस दौरान खोजी कुत्ता टीम भी पहुंचकर जांच पड़ताल की गई थी। हालांकि अब तक हत्या के कारण और अपराधियों का पता नहीं चल पाया है।ग्रामीणों के अनुसार दिसंबर माह में गांव के पांच घरों में चोरी की घटना हुई थी।
Raftaar Media | सच के साथ