नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर उपायुक्त रवि आनंद ने सामान्य प्रेक्षकों संग की बैठक, भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव पर जोर
जामताड़ा से दिनबंधु: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने बुधवार को सामान्य प्रेक्षकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षकों के साथ निर्वाचन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विमर्श किया गया। सामान्य प्रेक्षकों के जामताड़ा आगमन पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) पंकज कुमार रवि ने परिसदन भवन में मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के सामान्य प्रेक्षक संजय पाण्डेय एवं जामताड़ा नगर पंचायत के सामान्य प्रेक्षक विभूति मंडल का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद उपायुक्त रवि आनंद के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन कर्मियों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त रवि आनंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम मतदाताओं का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बैठक के उपरांत सामान्य प्रेक्षक संजय पाण्डेय एवं विभूति मंडल ने मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत में चल रहे नाम निर्देशन कार्यों का भी अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी नगर निकाय चुनाव को पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।
Raftaar Media | सच के साथ