logo

एएनसी सेल फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई: रतिया में अमर क्लीनिक की आड़ में चल रहा था नशे का अवैध कारोबार, तीन डॉक्टर काबू

रतिया (सुनील सम्भ्रवाल): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनसी सेल फतेहाबाद एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान रतिया शहर के टोहाना रोड स्थित आजाद मार्केट में बने अमर क्लीनिक पर छापेमारी की गई, जहां डाक्टरी की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने क्लीनिक से कमर्शियल मात्रा में कुल 3,021 नशीली गोलियां, टैबलेट व इंजेक्शन बरामद किए तथा क्लीनिक संचालित कर रहे तीन डॉक्टरों को काबू किया गया।


 पुलिस के अनुसार, अमर क्लीनिक के संबंध में काफी समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि यहां बिना वैध अनुमति नशीली दवाओं का भंडारण कर उन्हें बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एएनसी सेल फतेहाबाद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम का गठन किया और पूरी योजना के तहत क्लीनिक पर रेड की गई।


  छापेमारी के दौरान क्लीनिक की गहन तलाशी ली गई, जिसमें प्रतिबंधित श्रेणी की नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद सामग्री में 1,199 एल्प्राजोलम टैबलेट, 23 डायजेपाम इंजेक्शन, 9 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 860 ट्रिफ्लो एचसीआई टैबलेट तथा 80 लिब्रेरियन प्लस टैबलेट शामिल हैं। यह सभी दवाइयां कमर्शियल मात्रा में पाई गईं, जिन्हें बिना किसी वैध लाइसेंस व अनुमति के संग्रहित कर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।


  मौके से काबू किए गए आरोपियों की पहचान डॉक्टर विनोद शर्मा पुत्र मोहन लाल निवासी न्यू टाउन रतिया, अमरजीत पुत्र मनोहर निवासी डेजी कॉलोनी रतिया तथा नरेश कुमार पुत्र सीताराम निवासी डेजी कॉलोनी रतिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी डॉक्टर अपने पेशे की आड़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त थे।


एएनसी सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई। बरामद नशीली दवाओं को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्लीनिक से संबंधित लाइसेंस, दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।


इस संबंध में थाना शहर रतिया में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से की जा रही थी तथा किन-किन क्षेत्रों में इनकी आपूर्ति की जाती थी।


                  पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और समाज को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS