अजीत कुमार / दिल्ली: नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद थाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मिलन विहार स्थित बायो डाइवर्सिटी पार्क के जंगलों में एक युवक की खून से सनी लाश बरामद हुई। मृतक की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। शव पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं, जबकि चेहरे पर गहरी चोट के साथ उसे कुचलने की भी कोशिश की गई है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

घटना की सूचना मिलते ही वजीराबाद थाना पुलिस, क्राइम टीम और FSL की टीम मौके पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन उसके बाएं हाथ पर “विनोद -- शोभा” नाम का टैटू बना हुआ है, जिसके बीच में तीर का निशान भी है। पुलिस इस टैटू के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की जांच जारी है। इलाके में इस वारदात के बाद डर और दहशत का माहौल है।