सरायकेला जिले के तीन थाना क्षेत्रों में होली व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
सरायकेला: सरायकेला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आगामी होली पर्व एवं रमजान को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठकों में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई।आदित्यपुर थाना में गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली के दौरान आपसी भाईचारे को मजबूत रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई।वहीं आर आई टी थाना में थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसी क्रम में कांड्रा थाना परिसर में थाना प्रभारी विनोद मुर्मू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से रफ ड्राइविंग, बाइक स्टंट और तेज रफ्तार वाहन संचालन पर अंकुश लगाने पर चर्चा हुई।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान रफ ड्राइविंग करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सभी थाना क्षेत्रों में प्रशासन ने लोगों से अपील की कि होली और रमजान को प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे में न आएं। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
Raftaar Media | सच के साथ