जमशेदपुर/आदित्यपुर। उत्कल एसोसिएशन में आगामी 9 अगस्त को प्रस्तावित चुनाव से पहले संस्था के संरक्षक एवं वरिष्ठ उद्योगपति एस. के. बेहेरा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि लगभग 50 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा पारदर्शिता और सिद्धांतों को प्राथमिकता दी है, इसलिए वर्तमान परिस्थितियों में पद पर बने रहना उचित नहीं समझा।

पत्रकारों से बातचीत में श्री बेहेरा ने कहा कि किसी भी सामाजिक संस्था की मजबूती आपसी विश्वास और निष्पक्ष व्यवस्था पर निर्भर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्था में नए सदस्यों को कार्यकारिणी समिति (Executive Committee) की विधिवत मंजूरी के बिना मतदान का अधिकार दिया गया, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं।

‘संस्था में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा हूं’

इस्तीफे पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए श्री बेहेरा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति उन्हें वैसी ही पीड़ा दे रही है, जैसे कुछ परिवारों में माता-पिता को वृद्धाश्रम भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था से उनका जुड़ाव वर्षों पुराना है और ऐसे हालात बेहद दुखद हैं।

चुनाव टालने और सदस्यता की जांच का दिया था सुझाव

एस. के. बेहेरा ने बताया कि उन्होंने चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए दो सुझाव दिए थे। पहला, नए सदस्यों की उचित जांच (Scrutiny) के लिए चुनाव तीन महीने के लिए स्थगित किया जाए। दूसरा, नए सदस्यों को कम से कम दो वर्ष बाद ही मतदान का अधिकार दिया जाए। उनका कहना है कि इन सुझावों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया।

मामला प्रशासन और हाईकोर्ट तक पहुंचा

उन्होंने बताया कि नए सदस्यों की सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया को लेकर स्थानीय एसडीओ (SDO) ने भी आपत्ति दर्ज की है तथा मामला आईजी रजिस्ट्रेशन (IG Registration) के पास विचाराधीन है। वहीं, कुछ सदस्यों ने निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर हाईकोर्ट (High Court) का भी रुख किया है।

विवाद सुलझा तो इस्तीफा वापस लेने के संकेत

श्री बेहेरा ने कहा कि यदि संस्था के भीतर आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकलता है और सौहार्दपूर्ण वातावरण बहाल होता है, तो वह संस्था के हित में अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार कर सकते हैं।

औद्योगिक क्षेत्र और स्वास्थ्य सेवा पर भी रखी राय

बातचीत के दौरान उन्होंने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से इस दिशा में शीघ्र कदम उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने अपने प्रस्तावित ‘पद्मावती देवी मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ की भी जानकारी दी और कहा कि इसका उद्देश्य कोल्हान क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।