logo

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में दुष्कर्म मुकदमा दर्ज कराने वाली छात्रा की हत्या में लापरवाही पर थानाध्यक्ष व मुख्य आरक्षी हुए लाइन हाजिर

महादेवा: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली छात्रा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलवारी थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी सुभाष राय को लाइन हाजिर कर दिया है। 
आपको बता दें कि मामले में शिथिलता और लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। अब कलवारी थाने की कमान  संतोष कुमार को सौंपी गई है, जबकि मुख्य आरक्षी के पद पर धर्मदेव की तैनाती की गई है।
पूरी घटना बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के बैड़ारी एहतमाली गांव के मदरहवा पुरवा का  है।
यहां निवासी दिनेश पासवान का परिवार सोमवार की आधी रात घर में सो रहा था। मृतका की मां अनीता देवी के अनुसार, गांव का युवक मंदीप देर रात घर पर आकर उनकी बेटी अनुष्का को गोली मार दी जिससे अनुष्का की मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अनीता देवी पर भी निशाना साधा, लेकिन गोली नहीं चली थी। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला और कुछ दूरी पर खड़ी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था।
स्वजन का आरोप है कि करीब तीन माह पहले आरोपी ने अनुष्का की आपत्तिजनक तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी थी। इस संबंध में अनीता देवी ने कलवारी थाने में मंदीप के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। बावजूद इसके पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी। स्वजन का यह भी आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय सुलह-समझौते का प्रयास कर रही थी। समय रहते सख्त कार्रवाई न होने के कारण आरोपी का मनोबल इस कदर बढ़ गया कि उसने हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।  स्थानीय पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS