रफ्तार मीडिया संवाददाता/छोटू कुमार
नौडीहा बाजार (पलामू): प्रखंड नौडीहा बाजार में पिछले कई दिनों से हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, जबकि किसानों को सिंचाई कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर सामाजिक न्याय एकता मंच ने बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। मंच की ओर से 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मायापुर स्थित पावर सब-स्टेशन (PSS) का घेराव कर तालाबंदी तथा नौडीहा बाजार के पुराना थाना के समीप चक्का जाम करने की घोषणा की गई है।
आंदोलन को लेकर मंच ने अनुमंडल पदाधिकारी, छतरपुर को सूचना-सह-अनुमति आवेदन सौंपकर कार्यक्रम की जानकारी दी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विशुनपुर पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार भारती, खैरादोहर पंचायत समिति सदस्य संतोष यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रौशन सिंह, जिला परिषद सदस्य सुदामा पासवान सहित सामाजिक न्याय एकता मंच के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
मंच ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।