logo

करमाटार थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, मृतक की अब तक नहीं हो सकी है पहचान करमाटार थाना में रखा गया शव

 

 


जामताड़ा / दिनबंधु राउत:करमाटार थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना मदनकट्टा और कलझरिया के बीच रेलवे लाइन पर पोल संख्या 778 के समीप हुई बताई जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का शव देखा गया, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत करमाटार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में यह मामला ट्रेन से कटकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा है या किसी अन्य कारण से व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर करमाटार थाना में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना दी जा रही है तथा लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को इस मृतक के बारे में कोई जानकारी मिलती है या कोई उसे पहचानता है, तो वह करमाटार थाना से संपर्क कर सकता है। थाना प्रभारी चंदन तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों और रेलवे स्टेशन पर भी जानकारी भेजी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति हाल के दिनों में लापता हुआ हो और उसके परिजनों को शक हो कि यह वही व्यक्ति हो सकता है, तो वे करमाटार थाना पहुंचकर शव की पहचान कर सकते हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS