विजय साव/सरायकेला: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी एवं समर्थित हिंदूवादी संगठनों द्वारा शुक्रवार 3 जुलाई को बुलाए गए आदित्यपुर बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे मेयर संजय सरदार समेत 40 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। सुबह से ही बंद समर्थक आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप एकत्र होकर हिमांशु सिंह के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई करते हुए आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विहिप जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास समेत 40 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचाया।
*एसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान*
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद उत्पन्न संवेदनशील स्थिति को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे। उन्होंने बताया कि पूरे आदित्यपुर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की मुस्तैदी का असर यह रहा कि आदित्यपुर खरकई पुल से गम्हरिया तक टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रही। हालांकि, हत्याकांड के विरोध में स्थानीय बाजार की कई दुकानों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद का समर्थन किया। पूरे इलाके में लगातार पुलिस गश्त जारी रही और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लोगों का आक्रोश अब भी बना हुआ है। वहीं, प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मामले में आगे की कार्रवाई पर लगातार नजर बनाए हुए है।