उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में बरामदे में सो रही किशोरी की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में दहशत,प्रेम प्रसंग का मामला
कलवारी,बस्ती:प्राप्त जानकारी के अनुसार घर के बरामदे में अपने छोटे भाई के साथ सो रही 17 वर्षीय किशोरी की अज्ञात बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में एसओजी व अन्य टीम द्वारा दबिश दी जा रही है।
घटना उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के बैड़ारी एहतमाली गांव के मदरहवा पुरवा की है। मृतका की मां अनीता देवी के अनुसार सोमवार की रात बेटी अनुष्का और 14 वर्षीय बेटा अनीश घर के बरामदे में एक ही तख्त पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे, जबकि वह बाहर जानवरों की देखभाल के लिए सो रही थीं। आधी रात को एक अज्ञात युवक घर में चढ़ आया और सो रही अनुष्का के माथे व जबड़े में असलहा सटाकर दो गोलियां मार दीं। इसके बाद उसने अनीता देवी पर भी निशाना साधा, लेकिन गोली नहीं चली। शोर मचाने पर हमलावर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। वह पीठ पर एक छोटा बैग भी रखा हुआ था।
*गोली की आवाज से भाई का कान हुआ सुन्न*
बगल में सो रहे भाई अनीश ने बताया कि गोली की आवाज इतनी तेज थी कि उसके कान सुन्न हो गए। उसे समझ ही नहीं आया कि पास में सो रही बहन को गोली लगी है। जब मां ने एहतियातन उसे अनुष्का को अपने पास बुलाने को कहा और वह नहीं उठी, तब रजाई हटाने पर उसका चेहरा खून से लथपथ दिखा। एक गोली माथे पर और दूसरी जबड़े में लगी थी। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय थाना पुलिस के साथ नगर व दुबौलिया के सहित अन्य थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका की मां ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि तीन माह पूर्व उक्त युवक ने उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल की थी, जिस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। हाल ही में पीड़िता का न्यायालय में बयान भी हुआ था। बताया कि युवक जबरदस्ती मेरी बेटी से शादी व संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। जिसको लेकर वह कई बार धमकी भी दे चुका था।
बताया जा रहा है कि मृतका ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी, जबकि उसके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Raftaar Media | सच के साथ