ओमप्रकाश तिवारी
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में मंगलवार को सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक प्रमोद कुमार (मोतिहारी), कृष्णानंदन पासवान (हरसिद्धि), राणा रणधीर सिंह (मधुबन), लाल बाबू प्रसाद (चिरैया), शालिनी मिश्रा (केसरिया), राजेश कुमार (सुगौली), फैसल रहमान (ढाका), प्रमोद कुमार सिन्हा (रक्सौल) तथा विशाल कुमार (नरकटिया) सहित जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, विद्युत अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा एवं विद्युत विभाग के सभी कार्यपालक एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों एवं पोलों के प्रतिस्थापन, पुराने विद्युत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा अतिरिक्त वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बैठक में सदर अस्पताल परिसर, ई-हाउस आधारित पावर सब-स्टेशन, एम.एस. कॉलेज के समीप तथा पदुमकेर-पताही क्षेत्र में नए पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बढ़ते विद्युत भार को संतुलित करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले को प्रथम चरण में 13,419 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य मिला है। इस कार्य के निष्पादन की जिम्मेदारी ओसवाल पम्प्स लिमिटेड को सौंपी गई है।
इसके अलावा कृषि (एजी) फीडरों से चोरी हुए विद्युत तारों को तत्काल बदलने का निर्देश दिया गया। विद्युत चोरी एवं तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं प्रस्तावों पर विद्युत विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन कार्यपालक विद्युत अभियंता प्रदीप कुमार सुमन ने किया।