बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कार्यालय व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी, अभिलेखों और कार्यालय संचालन व्यवस्था की जांच की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से समय पर कार्यालय पहुंचने तथा अपने दायित्वों का पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालय आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में कार्यालय आने वाले लोगों को त्वरित एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें और आमजन के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र लाभुकों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी योग्य लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उपायुक्त ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों में लगे कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
निर्माणाधीन सीएचसी भवन का भी लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप हो तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और पारदर्शिता के साथ कार्यों को गति देने पर बल दिया।
स्वच्छता और जवाबदेही पर विशेष जोर
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जवाबदेही है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने, नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा योजनाओं की जमीनी प्रगति की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई, समयबद्ध सेवा प्रदायगी और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के माध्यम से जिले के विकास एवं जनकल्याण संबंधी लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र लाभुक वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।