हजारीबाग :- उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित योजनाओं, रिक्त पदों, आधारभूत संरचनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने एनएचएम के विभिन्न पदों में रिक्तियों की जानकारी प्राप्त की तथा रोस्टर क्लियर होने के उपरांत आवश्यक अर्हता निर्धारित कर विज्ञापन प्रकाशित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने के बाद स्क्रूटनी कमेटी गठित कर आवेदनों की जांच करने एवं दावा-आपत्ति निराकरण समिति बनाकर प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया। साथ ही 15 अगस्त 2026 तक सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने डिलीवरी वार्ड में दक्ष एवं अनुभवी चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों में संवेदनशील एवं बेहतर कार्य करने वाली एएनएम एवं सीएचओ की ड्यूटी लगाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्रों में एमजीपीएस पाइपलाइन की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। पीएसए प्लांट बरही को शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध उपकरणों के समुचित उपयोग एवं खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यय से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आयुष्मान डीपीसी को आयुष्मान मित्र के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने एवं दवाइयों सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद से संबंधित दिए गए दिशा-निर्देश का अनुपालन करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले में संचालित सभी प्रकार की एंबुलेंस सेवाओं के उपयोग एवं निगरानी पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने 108 एंबुलेंस से संबंधित सभी समस्याओं को फाइल के माध्यम से राज्य सरकार को भेजने का निर्देश दिया। साथ ही आयुष विभाग के डीपीएम को सभी एंबुलेंस की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग एवं पीएम-अभिम योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में मरम्मत संबंधी समस्याओं को कार्यकारी एजेंसी के माध्यम से दूर कराने का निर्देश दिया। साथ ही नए निर्मित स्वास्थ्य केंद्रों का अवलोकन करने एवं क्षेत्राधिकार अंतर्गत बनने वाले पीएचसी एवं बीपीएचयू को शीघ्र फंक्शनल कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने सहिया डीपीसी को सहियाओं के स्वीकृत पदों के विरुद्ध रिक्ति नहीं रखने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सदर अस्पताल में आगामी दो माह के भीतर फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त सदर अनुमंडल पदाधिकारी को जिले में प्रत्येक माह की पहली तारीख को ब्लड कैंप आयोजित कराने तथा ब्लड बैंक को नियमित रूप से संचालित रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपायुक्त श्री हेमन्त सती के अलावे उपविकास आयुक्त रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, सिविल सर्जन, मेडिकल सुपरिटेंडेंट एसबीएमसीएच, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।