दिनबंधु राउत / जामताड़ा : कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के बाबुपुर पंचायत अंतर्गत पाथरचुड गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकाली गई इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु राधे-राधे, जय श्री कृष्ण, धर्म की जय हो जैसे गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। महिलाएं सिर पर कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुईं, जबकि पुरुष एवं युवा वर्ग भी पूरे उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागी बने। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल तक पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल, नाला विधानसभा के वरिष्ठ नेता कृष्णा गोपाल महतो, कुंडहित प्रखंड प्रमुख राजकिशोर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपनी भागीदारी निभाई। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक बताया। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे गांव में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।