बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव के नव-निर्मित मां दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में 500 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का पुराना दुर्गा मंदिर काफी जर्जर हो चुका था। इसके बाद रघुनाथपुर सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी एवं ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से नए मंदिर भवन का निर्माण कराया गया। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मंदिर निर्माण पूर्ण होने पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत घाघरा नदी से पवित्र जल संग्रह के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित 500 से अधिक महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और माता के जयकारों के बीच शोभायात्रा में शामिल हुईं। कलश यात्रा घाघरा नदी से शुरू होकर एनएच-18 मार्ग होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। पूरे रास्ते ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
मंदिर प्रांगण में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत कलश स्थापना, हवन-पूजन एवं मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण और मेले जैसा उत्साह बना रहा।
पूजा कमेटी के सदस्यों ने कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि गांव की एकता, आस्था और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही रघुनाथपुर को एक नया आध्यात्मिक केंद्र मिला है, जहां भविष्य में नवरात्रि समेत विभिन्न धार्मिक आयोजनों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
समारोह को सफल बनाने में ग्रामीणों, पूजा समिति, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे गांव में उत्सव का माहौल रहा और देर शाम तक माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।