दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की दिशा में चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना प्रशासन ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की। अमलादही बाजार क्षेत्र में विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चिरेका के प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बाजार पहुंची और दुकानदारों व स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उन्हें साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि बाजार, सड़कें और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ रहेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे शहर के वातावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। अभियान के दौरान बाजार के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर हिंदी और बांग्ला भाषा में स्वच्छता संबंधी सूचना पत्रक और जागरूकता पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक उपयोग पर रोक तथा साफ-सफाई बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जारी संदेश में लोगों से अपील की गई कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अपशिष्ट प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके। प्रशासन ने लोगों को एकल उपयोग पॉलिथीन से दूर रहने और दुकानदारों से भी प्लास्टिक थैली का उपयोग नहीं करने की अपील की। ग्राहकों द्वारा पॉलिथीन की मांग किए जाने पर दुकानदारों को इसे देने से मना करने का भी आग्रह किया गया। इसके अलावा दवा दुकानों और घरों से निकलने वाले विशेष प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए चिरेका जन स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने को कहा गया। चिरेका प्रशासन की इस पहल को स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने सकारात्मक कदम बताते हुए शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।