सौरभ राय/रांची: झारखंड अलग राज्य आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को रांची स्थित दुर्गा सोरेन चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘दुर्गा सोरेन सेना’ की ओर से किया गया, जिसकी अगुवाई ओम प्रकाश तिवारी ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मौके पर ओम प्रकाश तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन का जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन ने समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की आवाज बुलंद करने का कार्य किया और हमेशा जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके विचार और कार्य आज भी युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।उन्होंने बताया कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन का राजनीतिक और सामाजिक योगदान झारखंड की जनता कभी नहीं भूल सकती। उनके द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से रौनक चौधरी, शुभम जायसवाल, राजीव कुमार, विक्की गोपे, राजेश सोनी, दिनेश लाल, सुमित वर्मा, अभिमन्यु सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें नमन किया।