दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:मिहिजाम थाना अंतर्गत आम बागान में आयोजित सात दिवसीय भरतनाट्यम समर कैंप का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यशाला ने बच्चों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों से रूबरू कराया। सरोजा पल्लभा नृत्य एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस कैंप की जानकारी देते हुए एकेडमी की डायरेक्टर पल्लवी राय ने बताया कि कार्यशाला में भरतनाट्यम के तालाम और थ्योरी पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों को मुद्राएं, पद संचालन, भाव-भंगिमा और शास्त्रीय संगीत के साथ तालमेल बिठाना सिखाया गया। शनिवार को अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई। कार्यशाला में शामिल बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस कैंप में उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय शास्त्रीय कला के प्रति रुचि बढ़ती है। पल्लवी राय ने कहा भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय नृत्य न सिर्फ कला सिखाते हैं, बल्कि अनुशासन और एकाग्रता भी बढ़ाते हैं। समापन समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक और कला प्रेमी मौजूद रहे।