दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष नशामुक्ति अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने तीन चलंत एलईडी जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, विद्यालयों और गांवों में पहुंचकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश देंगे। इस अवसर पर उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 26 जून 2026 तक पूरे राज्य में विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप बन चुका है। इसके कारण व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान उठाना पड़ता है। नशे की गिरफ्त में आने वाले लोगों और उनके परिवारों को कई प्रकार की समस्याओं एवं सामाजिक उपेक्षा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उपायुक्त ने बताया कि एलईडी वैन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो सामग्री, पंपलेट और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, बैनर, पोस्टर, बुकलेट और अन्य जनसंचार माध्यमों से भी जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सभी विभागों के समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, प्रभारी निदेशक डीआरडीए विजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, डीपीएम जेएसएलपीएस राहुल रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।