दिनबंधु राउत /  जामताड़ा :झारखंड सरकार से जामताड़ा पुलिस को मिले 18 नए दोपहिया वाहनों को गुरुवार को जिला नियंत्रण कक्ष, जामताड़ा से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही जामताड़ा पुलिस के द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार प्रकट किया गया। वही मौके पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि नए दोपहिया वाहनों के शामिल होने से जिले में बाइक पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल शहरी क्षेत्रों में बल्कि सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी सुगमता से पेट्रोलिंग एवं अन्य पुलिसिंग से जुड़े कार्यों को किया जा सकेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि नए वाहनों के माध्यम से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा तथा अपराध नियंत्रण एवं लोगों की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

*बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे कई वाहन चालकों को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दिए हेलमेट*

वहीं इस अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष के रास्ते से होकर गुजर रहे कई दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के देखकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा रोककर उन्हें हेलमेट उपलब्ध कराया गया साथ ही सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने हेतु कहा गया। उन्हें बताया गया कि बिना हेलमेट के वाहन चलाना न सिर्फ खतरनाक है बल्कि सुरक्षा नियमों की भी अनदेखी है। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी सहित अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।