काजल मित्रा/सालानपुर:सेल-आईएसपी (इस्को) प्रबंधन ने शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। बार्नपुर स्टेशन के निकट आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 78 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही सेल की जमीन पर अवैध रूप से बने कई तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालयों और क्लब घरों पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई से इलाके में काफी हलचल मच गई। सेल अधिकारियों का कहना है कि संबंधित कार्यालय और क्लब भवन सेल की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद कब्जाधारकों ने जगह खाली नहीं की, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की गई। एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अचानक की गई कार्रवाई नहीं थी। पहले नोटिस देकर सामान हटाने और स्थल खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारी ने बताया कि भविष्य की विकास परियोजनाओं और आम जनता के हित में जमीन को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक हो गया था। खाली कराई गई जमीन पर विकास संबंधी बुनियादी ढांचे के निर्माण की योजना है। अभियान को सफल बनाने में पुलिस की भूमिका की भी सराहना की गई। पुलिस के पूर्ण सहयोग के कारण कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी हो सकी। प्रशासन का दावा है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है और भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सेल-आईएसपी को पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने से ऐसी कार्रवाई संभव नहीं हो पा रही थी। अब अवैध कब्जे हटाकर क्षेत्र के विकास और औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।