दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ
फर्रुखाबाद, 12 जुलाई। जनपद में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती तथा बिजली उपभोक्ताओं का बिना पूर्व सूचना और बिना जांच के विद्युत लोड बढ़ाए जाने के विरोध में फर्रुखाबाद विकास मंच सोमवार, 13 जुलाई को अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय, भोलेपुर पर प्रदर्शन करेगा।
फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा एडवोकेट ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, व्यापारी और छात्र-छात्राएं गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इसके अलावा बिजली विभाग द्वारा कई उपभोक्ताओं का बिना पूर्व सूचना एवं आवश्यक जांच के विद्युत लोड बढ़ाए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।
उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के विरोध में 13 जुलाई (सोमवार) को प्रातः 11:00 बजे अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय, भोलेपुर में प्रदर्शन किया जाएगा तथा अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने की मांग की जाएगी।
फर्रुखाबाद विकास मंच ने जनपद के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। साथ ही सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम की कवरेज करने का अनुरोध किया गया है।