रफ्तार मीडिया संवाददाता/छोटू कुमार
छतरपुर (पलामू)। छतरपुर प्रखंड के चेनानका स्थित रवी खाद भंडार में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत की जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में शिकायत सामने आने के बाद प्रखंड प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार ने खाद दुकान का निरीक्षण कर स्टॉक और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान यूरिया निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत सही पाई गई। इसके साथ ही दुकान में रेट चार्ट प्रदर्शित नहीं किया गया था और ग्राहकों को कैशमेमो भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।
जांच के दौरान स्टॉक पंजी और वितरण पंजी के मिलान में भी गड़बड़ी सामने आई। इन सभी बिंदुओं को जांच रिपोर्ट में शामिल करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू ने जिला कृषि पदाधिकारी, पलामू को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। पत्रांक 727, दिनांक 13 अगस्त 2026 के माध्यम से अग्रेतर कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, छतरपुर को भी भेजी गई है।
*खाद विक्रेताओं को दी गई सख्त हिदायत*
मामले के बाद बीडीओ आशीष कुमार साहू की अध्यक्षता में छतरपुर प्रखंड के खाद विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही यूरिया एवं अन्य उर्वरक उपलब्ध कराएं।
विक्रेताओं को दुकानों पर अनिवार्य रूप से रेट चार्ट प्रदर्शित करने, प्रत्येक ग्राहक को कैशमेमो देने और स्टॉक व वितरण पंजी को नियमित एवं सही तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि खाद बिक्री में ओवररेटिंग, स्टॉक में गड़बड़ी या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।