फतह सिंह उजाला 
पटौदी ।  पटौदी क्षेत्र में घरेलू विवाद ने मंगलवार देर रात खूनी संघर्ष का भयंकर रूप ले लिया। एक युवक ने अपने सौतेले पिता पर कुदाल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात तो अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पटौदी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मनोज के रूप में की गई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हसलपुर गांव का निवासी था और वर्तमान में पटौदी में परिवार के साथ रह रहा था। इस घटना के संदर्भ में पुलिस  के अनुसार मनोज ने करीब 13 वर्ष पहले शिवम उर्फ शिवा की मां से विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शिवम इस रिश्ते को शुरू से ही स्वीकार नहीं करता था और इसी कारण दोनों के बीच अक्सर कहासुनी व विवाद होता रहता था।
शिकायतकर्ता प्रेमपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार देर रात मनोज और उसके सौतेले बेटे शिवम के बीच फिर से कहां सुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आधी रात को शिवम ने कुदाल से मनोज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय
पुलिस ने प्रेमपाल की शिकायत पर आरोपी शिवम उर्फ शिवा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी के छिपे होने के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।