रेलबाजार थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से मंदिर की दान पेटी और तांबे की सर्प प्रतिमा भी बरामद की है।
थानाध्यक्ष के अनुसार मंदिर के पुजारी राकेश सिंह ने 24 जुलाई को थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर मंदिर से दान पेटी और एक तांबे की सर्प प्रतिमा चुरा ले गए हैं।
मामले की विवेचना के दौरान 1 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने टंडन पुल के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान आसू और अयान कातिल उर्फ अब्दू तलहा के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दान पेटी और तांबे की सर्प प्रतिमा बरामद कर ली है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकास शर्मा, हेड कांस्टेबल नरेंद्र यादव, सिपाही सुबोध कुमार गुप्ता और सिपाही सरजू वर्मा की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।