जितेंद्र कुमार दास/रफ्तार मीडिया
तोपचांची: थाना क्षेत्र के भुईयां चितरो पहाड़ी की तलहटी में सोमवार को करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटनास्थल के पास से एक बैग भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।