शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर इंटर कॉलेज शिकारीपाड़ा और स्पेन (SPAN) एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य और संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। युवाओं को अपने समाज के प्रति समर्पित और उत्तरदायी बनते हुए ऐसा आचरण करना चाहिए, जिससे वे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें। इस अवसर पर स्पेन संस्था की ओर से रेखा टोप्पो और राजकुमार सहित युवा परिषद के सदस्यों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार प्रतिभागियों—गीता कुमारी, सुनीता कुमारी, अमित मरांडी और दुलारेस मरांडी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में इंटर कॉलेज के प्राचार्य प्रमोदनी सोरेन एवं अन्य शिक्षकों ने युवाओं को अपने करियर पर विशेष ध्यान देने और सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकें।