रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा: जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी प्रखंडों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति से अवगत हुए। जांच अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पीडीएस दुकानों, मनरेगा योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्रों, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों और आवासीय विद्यालयों सहित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति, समस्याओं और सुधार के बिंदुओं पर चर्चा की गई।प्रखंडवार निरीक्षण में फतेहपुर प्रखंड के बिंदापाथर पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, करमाटांड़ (विद्यासागर) प्रखंड के कुरुवा पंचायत में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने योजनाओं का जायजा लिया।जामताड़ा प्रखंड के सुपायडीह पंचायत में अंचल अधिकारी तथा रानीडीह पंचायत में जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने निरीक्षण किया। वहीं नारायणपुर प्रखंड के देवलबाड़ी पंचायत में निदेशक डीआरडीए विजय कुमार तथा बुटबेरिया पंचायत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कुंडहित प्रखंड के बनकाटी पंचायत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि तथा नाला प्रखंड के बंदरडीहा पंचायत में संबंधित अधिकारियों द्वारा योजनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता भी मौजूद रहे।