दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा : जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नारायणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संधारित पंजियों का अवलोकन किया और अधिकारियों-कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने लोगों से कार्यालय आने का कारण पूछा तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना वजह लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं। प्रखंड परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी को देखकर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोमवार तक पूरे परिसर की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय परिसर की स्वच्छता हर हाल में बनाए रखें। साथ ही आगंतुकों के लिए पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर उसे सुचारू रखने का निर्देश दिया। कार्यालय भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए रिपेयरिंग और सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक पत्राचार करने को भी कहा। इस दौरान उपायुक्त ने जल एवं स्वच्छता कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, चापाकल मरम्मति तथा पानी जांच किट वितरण की स्थिति की जानकारी ली। जल सहियाओं के बीच जांच किट शीघ्र वितरित करने का निर्देश दिया गया। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित अन्य विषयों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए कार्यशैली सुधारने की चेतावनी दी। मौके पर प्रभारी निदेशक डीआरडीए विजय कुमार, बीडीओ देवराज गुप्ता, परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता नेहा कुमारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।