सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल की गई। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से पारगामा पंचायत,सितू पंचायत एवं तिरुलडीह पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र एवं शिरुम में पीएससी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो तथा प्रखंड प्रमुख की गरिमामयी उपस्थिति में नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया।बताया गया कि जिले में 15वें वित्त आयोग के फंड से कुल 45 उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी योजना के तहत कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इन केंद्रों की आधारशिला रखी गई।शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान तीनों स्थानों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया।इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी और इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामान्य चिकित्सा सुविधाओं का भी लाभ ग्रामीणों को मिलेगा, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।