दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद, नवाबगंज। नगर की गायत्री गली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रह्मजीत सिंह की पत्नी सुषमा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपनी विवाहित पुत्री स्नेह लता के साथ मोहल्ला डभोआ जाने के लिए घर से निकली थीं। नवाबगंज चौराहे पर दोनों एक ई-रिक्शा में बैठीं। इसी दौरान दूसरे ई-रिक्शा से आई तीन महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं।

बताया गया कि चौराहे से कुछ दूर निकलने के बाद सामने बैठी एक महिला ने सुषमा के पैरों पर अपना पैर रखकर उनका ध्यान भटकाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरी महिला ने बड़ी सफाई से उनके गले से करीब ढाई तोला सोने की चेन निकाल ली। कुछ देर बाद तीनों महिलाएं जाफर नगर जाने वाले मोड़ पर ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं।

जब ई-रिक्शा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो सुषमा ने अपने गले से चेन गायब देखी। इसके बाद उन्होंने तत्काल यूपी-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस और थाना प्रभारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी लेकर आरोपित महिलाओं की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

घटना के बाद पुलिस ने नवाबगंज चौराहे के पास स्थित सभासद के पति राहुल यादव की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

दिनदहाड़े ई-रिक्शा में हुई इस वारदात से नगर के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक वाहनों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।