दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता:मिहिजाम
गांव के विकास की बागडोर अब गांव वालों के हाथ में होगी। इसी संकल्प के साथ मिहिजाम थाना अंतर्गत जियाजोरी पंचायत के कुलडांगल टोला में क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ऑनकार सेवा संस्थान, मिहिजाम द्वारा ग्लोबल ग्रीन ग्रांट फंड के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्राम सभा को सिर्फ कागजी औपचारिकता न मानकर गांव के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बनाना था। प्रशिक्षक सदेश्वर सरदार ने ग्रामीणों को समझाया कि ग्राम सभा जितनी सक्रिय होगी, विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी उतनी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि गांव की जरूरत के हिसाब से योजना चुनने, उसे लागू करने और निगरानी रखने का पूरा अधिकार ग्राम सभा के पास है। इसलिए हर ग्रामीण की उपस्थिति और भागीदारी जरूरी है। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों को खुलकर उठाया। वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे नियमित ग्राम सभा बैठकों में जाएं और विकास कार्यों पर नजर रखें। कार्यक्रम में परियोजना समन्वयक समाप राय, मिलन राणा, सुचिंदर भगत, संतोष पाल, गौरव सिंह, शांति टुडू, सोनाली और अनिल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यशाला ने गांव में जागरूकता और सामुदायिक नेतृत्व को नई दिशा दी।