सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित 10 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले सरकारी राशन गोदाम का जीर्णोद्धार कार्य निर्धारित समय सीमा के बावजूद पूरा नहीं हो सका है। भवन निर्माण विभाग को गोदाम के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी दी गई थी और कार्य पूरा करने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी गोदाम की छत का ऊपरी टीन शेड तक नहीं बदला गया है।जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देशानुसार चांडिल प्रखंड के सभी जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों तक आगामी 20 अगस्त तक तीन माह का अग्रिम राशन पहुंचाना है। ऐसे में गोदाम का निर्माण कार्य अधूरा रहने से खाद्यान्न के भंडारण और वितरण की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि गोदाम की जर्जर स्थिति और भवन निर्माण विभाग की धीमी कार्यप्रणाली के कारण प्रखंड आपूर्ति विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर खाद्यान्न उपलब्ध कराने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। यदि समय पर जीर्णोद्धार कार्य पूरा नहीं हुआ तो सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप राशन वितरण प्रभावित हो सकता है।बताया जाता है कि भवन निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर लाभुकों तक समय पर राशन कैसे पहुंचेगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को निर्माण कार्य में तेजी लानी चाहिए ताकि गोदाम जल्द उपयोग के लिए तैयार हो सके और लाखों लाभुकों को राशन वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।अब सभी की निगाहें भवन निर्माण विभाग पर टिकी हैं कि वह लंबित जीर्णोद्धार कार्य को कब तक पूरा कर गोदाम को खाद्यान्न भंडारण और वितरण के लिए पूरी तरह तैयार करता है।