दीपचंद्र दीक्षित, संवाददाता
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज नगर के पुल गालिब क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने और उसके साथ रहने की मांग को लेकर करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। लगभग छह घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों के समझने पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद निवासी चंदन शेखावत (30) पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह पहले कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के यहां काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान एक महिला से हुई, जो वहां खाना बनाने का कार्य करती थी। परिचय धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
युवक का दावा है कि कुछ समय पहले वह महिला उसके साथ भी रही थी। बाद में दोनों अलग हो गए और महिला अपने परिवार के पास चली गई। युवक के अनुसार इसके बाद उसकी महिला से कोई बातचीत नहीं हुई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। इसी परेशानी के चलते वह मुंबई से सीधे कायमगंज पहुंचा और सुबह लगभग पांच बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
बताया गया कि टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने स्वयं डायल-112 पर फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। वहीं सूचना पर क्षेत्राधिकार कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी घटनास्थल पर पहुंचे। टावर की ऊंचाई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग युवक को देखने के लिए सड़क किनारे रुक गए, जिससे फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब छह घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से बातचीत करते रहे। अधिकारियों ने उसे समझाया और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए प्रेरित किया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद युवक अधिकारियों के आश्वासन पर टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गया। सुबह करीब 11 बजे उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस महिला के लिए युवक टावर पर चढ़ा था, वह अपने परिवार के साथ दूसरे जनपद में रह रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना को देखने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही और क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।