मोतिहारी | रफ्तार मीडिया: पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा करियाही गांव में हुई लाखों की चोरी की घटना ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो चोरी गए सामान का कोई सुराग मिल पाया है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित अरविन्द तिवारी ने बताया कि वे अपने भाइयों ओमप्रकाश तिवारी और भूपेन्द्र तिवारी के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। बीते 26 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे लगभग 8 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान चुरा लिया।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का हार, मांग टीका, नथिया  अंगूठी, चांदी का पायल, ड्रेसिंग टेबल का सामान सहित कई कीमती एवं अन्य वस्तुएं शामिल हैं। इस घटना में परिवार को लगभग 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अरविन्द तिवारी ने  फेनहारा थाना में आवेदन देकर FIR दर्ज कर अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति बरामद करने की मांग की थी। थाने में आवेदन की SD No. 13/05/26 दर्ज की गई, लेकिन आज तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
पीड़ित अरविन्द तिवारी ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि “इतना बड़ा नुकसान होने के बावजूद पुलिस सिर्फ आवेदन लेकर जांच का आश्वासन देती रही, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। आखिर आम जनता न्याय के लिए कहां जाए?”
ग्रामीणों का कहना है कि  पकड़ीदयाल, पताही, मिर्जापुर, परसौनी कपूर और आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। आए दिन घरों, दुकानों और ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की वारदात हो रही है, जिससे लोगों की नींद उड़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस अधिकांश मामलों में सिर्फ केस दर्ज कर खानापूर्ति कर देती है और जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस रात्रि गश्ती बढ़ाए, संदिग्ध लोगों पर नजर रखे और चोरी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करे, ताकि आम लोगों का प्रशासन पर भरोसा कायम रह सके।
वहीं फेनहारा  पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।