मिहिजाम थाना क्षेत्र में बकरीद पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है और लोग कुर्बानी की तैयारियों में जुटे हैं। मस्जिदों और ईदगाहों में भी साफ-सफाई का काम तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेश सचिव परवेज रहमान ने कहा कि बकरीद त्याग, कुर्बानी और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द और मोहब्बत के साथ इस पर्व को मनाने की अपील की। परवेज रहमान ने कहा, यह पर्व हमें एक-दूसरे के करीब लाता है। हमें मिलकर समाज में शांति और एकता की मिसाल पेश करनी चाहिए। वहीं मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने भी क्षेत्रवासियों से मिलजुल कर पर्व मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। थाना प्रभारी ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, कोई भी सूचना पहले प्रशासन से सत्यापित करें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रभारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अशांति फैलाने वाले पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ईदगाह और मस्जिदों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसी क्रम में मिहिजाम में पुलिस प्रशासन द्वारा मुख्य चौक चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिहिजाम हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर हर त्योहार मनाते हैं। इस बार भी बकरीद को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की तैयारी है।