सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दुग्धा पंचायत के रामजीवनपुर गांव के ऊपर टोला बांधकुली के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधा को लेकर सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पंचायत निधि से बन रहे सड़क निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने की मांग की।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि सरकार की योजना के तहत गांव में सड़क निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन एक परिवार द्वारा संबंधित भूमि को अपनी निजी जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रोक दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर सड़क बनाई जा रही है, वह सरकारी अभिलेखों में सड़क के रूप में दर्ज है।ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में बाधा डालने के मामले की लिखित शिकायत गम्हरिया थाना में भी की जा चुकी है। इसके अलावा निजी अमीन से भूमि की मापी भी कराई गई, बावजूद इसके संबंधित व्यक्ति अपने परिवार के साथ मिलकर निर्माण कार्य में लगातार व्यवधान उत्पन्न कर रहा है।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी अभिलेखों के आधार पर तत्काल सड़क निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।अंचलाधिकारी ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।