रिपोर्ट: विजय कुमार साव, सरायकेला ब्यूरो चीफ
सरायकेला: लगातार हो रही बारिश के बीच टाटा–पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-18) पर बढ़ते सड़क हादसों की आशंका को लेकर छात्र नेता समीर कुमार महतो ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को ई-मेल भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।समीर कुमार महतो ने अपने ई-मेल में कहा है कि लुपुंगडीह टोल प्लाजा पर नियमित रूप से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है, लेकिन टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर आगे तक अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। उनका आरोप है कि बिजली और डीजी (जनरेटर) की व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद लाइटें नहीं जलाई जा रही हैं, जिससे रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण NH-18 के कई हिस्सों की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा पितकी और जामडीह रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।छात्र नेता ने एनएचएआई से बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा पितकी और जामडीह रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।समीर कुमार महतो ने यह भी आरोप लगाया कि टोल प्लाजा क्षेत्र को छोड़कर अन्य हिस्सों की स्ट्रीट लाइटें बंद रखना यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता है। उन्होंने एनएचएआई से संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा पूरे टाटा–पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी स्ट्रीट लाइटों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।