दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फतेहगढ़ में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में आयोजित सत्र में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश का भी श्रवण कराया गया।

मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मानुशासन का भी माध्यम है। सांसद मुकेश राजपूत ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं एसपी आरती सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों ने भाग लेकर निरोग भारत का संकल्प दोहराया।

योग दिवस का यह आयोजन जनपदवासियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता रहा।