दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ
फर्रुखाबाद। स्टेट बैंक रोड स्थित अग्रवाल सभा भवन में रविवार को श्री रामलीला मंडल, फर्रुखाबाद की वार्षिक आम बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। पदाधिकारियों के चुनाव में संगठन ने एक बार फिर अनुभव और निरंतरता पर विश्वास जताते हुए आगामी रामलीला महोत्सव को पहले से अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की शुरुआत संस्था की संरक्षक डॉ. रजनी सरीन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उनके निधन से रिक्त हुए संरक्षक पद पर सर्वसम्मति से समाजसेवी श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल को मनोनीत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके संरक्षण में मंडल की गतिविधियों को नई दिशा एवं मजबूती मिलेगी।
कार्यकारिणी के चुनाव में लालजी टंडन को लगातार छठी बार अध्यक्ष चुना गया। उनके नेतृत्व में पिछले वर्षों में सफलतापूर्वक आयोजित रामलीलाओं एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों ने पुनः उन पर भरोसा जताया। वहीं दीपक सक्सेना लगातार तीसरी बार मंत्री निर्वाचित हुए। इसके अलावा अशोक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा प्रदीप कुमार गुप्ता को लेखा परीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लालजी टंडन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री रामलीला मंडल की पहचान उसकी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं से है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से मिलकर इस वर्ष की रामलीला को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का आह्वान किया।
बैठक के समापन पर नवनिर्वाचित मंत्री दीपक सक्सेना ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संगठन की गरिमा और परंपराओं को बनाए रखते हुए इस वर्ष रामलीला का आयोजन नए स्वरूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर संजय गर्ग, गुरविंदर सिंह, जितेंद्र सिंह, रचित अग्रवाल, विवेक मिश्रा, बबुआ मिश्रा, गौरव अग्रवाल, श्याम बाबू वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आगामी रामलीला महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।