दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
फर्रुखाबाद नवाबगंज। शुक्रवार दोपहर नवाबगंज के मोहम्मदाबाद रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में लोग घंटों तक अपने वाहनों में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या नई नहीं है। सड़क किनारे संचालित गल्ला दुकानों के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खड़े होने से अक्सर यातायात बाधित रहता है। इन दिनों क्षेत्र में मक्के की फसल की आवक बढ़ने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंच रहे हैं, जिन्हें गल्ला व्यापारी सड़क पर ही आड़ा-तिरछा खड़ा करवा देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन प्रभावित होता है।
जाम के कारण आम राहगीरों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन और मरीज भी फंस गए। गर्मी और उमस के बीच लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
धनंजय सिंह ने बताया कि वे अपने परिवार के एक गंभीर मरीज को इलाज के लिए फर्रुखाबाद लेकर जा रहे थे, लेकिन जाम में करीब डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। मरीज की हालत को लेकर परिजन लगातार चिंतित बने रहे।
वहीं शमसाबाद जा रहे अंकित कुमार ने बताया कि वह भी लगभग एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। तेज धूप और गर्मी के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गल्ला दुकानों के बाहर सड़क पर अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मक्का खरीद के लिए अलग मंडी स्थल अथवा ट्रैक्टरों की पार्किंग हेतु वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।