अयोध्या :आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य ने प्रेस वार्ता कर महिला आरक्षण मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार केवल चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से महिलाओं के हितों की बात करती रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य ने कहा कि सरकार को महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए और 51 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रावधान लाते हुए ऐसा बिल पेश करना चाहिए, जिससे सभी वर्गों की महिलाओं को समान रूप से लाभ मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है। वही कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हरदोई में शिल्पी कुशवाहा की हत्या और गाजीपुर में निशा विश्वकर्मा की हत्या जैसी घटनाएं बेहद दुखद हैं, लेकिन अब तक आरोपियों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। इससे सरकार के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।उन्होंने सरकार से मांग की कि इन मामलों में दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उचित कदम नहीं उठाए, तो आजाद समाज पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।इस अवसर पर सुनील शर्मा जिला प्रभारी, सुनील सेन जिला उपाध्यक्ष,राम निहोर निषाद,विक्रम चौधरी,दीपक रावत, शकील अहमद, इंद्रजीत मौर्य, सुरजीत रावत जिला सचिव,राम दयाल, राम गरीब पासवान, जे पी शर्मा,आदि अन्य पदाधिकारी मौज़ूद रहे।