सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र स्थित पाटरा पोखरी तालाब के जीर्णोद्धार की दिशा में नगर पंचायत ने पहल तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने तालाब का स्थल निरीक्षण कर इसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर महेश जारीका, वार्ड पार्षद गौतम नायक तथा अभियंता अजय सुंडी शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तालाब का बड़ा हिस्सा जलीय खरपतवार, गाद और गंदगी से प्रभावित है, जिससे इसकी जल संग्रहण क्षमता घट गई है। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान वार्डवासियों से किए गए वादे के अनुरूप तालाब के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर बताते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया।अध्यक्ष ने अधिकारियों को तालाब की सफाई, गहरीकरण, गाद हटाने और जलग्रहण क्षेत्र के तकनीकी आकलन का निर्देश दिया।अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही तालाब के जीर्णोद्धार और विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।