मिहिजाम:डिजिटल युग में मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहरडाल पंचायत का रंगाडीह गांव आज भी कमजोर मोबाइल नेटवर्क की मार झेल रहा है। जिओ और एयरटेल की खराब सेवा से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। गांव में बात करना भी मुश्किल हो गया है। घरों के अंदर नेटवर्क गायब रहता है। कॉल करने के लिए लोगों को खुले में जाना पड़ता है। बार-बार कॉल कटने से जरूरी बातचीत भी नहीं हो पाती। हैरानी की बात है कि इसी गांव में मुखिया सुखेंद्र टुडू का आवास भी है, फिर भी समस्या जस की तस है। मुखिया ने बताया कि सबसे ज्यादा असर पीडीएस दुकान पर पड़ रहा है। नेटवर्क न मिलने से ई-पॉस मशीन नहीं चलती। 450 राशन कार्डधारियों को घंटों इंतजार के बाद भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। ग्रामीण मनोज टुडू, मंगल टुडू, राकेश किस्कू ने बताया कि बैंकिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान सब प्रभावित है। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने मोबाइल कंपनियों से गांव में नया टावर लगाने या नेटवर्क मजबूत करने की मांग की है, ताकि डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सके।