दुमका।
गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर ढलान के पास रविवार को एक कोयला हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित 10 फीट गड्ढे में गिर गया| घटना में हाईवा क्षतिग्रस्त हो गया एवं चालक घायल हो गया| दुर्घटनाग्रस्त जेएच 04 एक्स 9882 हाईवा के चालक किशोर कुमार का बाएं पैर में चोट लगी है और पैर जख्मी हो गया| स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन से बाहर निकाल कर दुर्गापुर स्थित निजी क्लीनिक में इलाज कराया|
चालक ने बताया कि दुमका कुरुवा साइडिंग से कोयला खाली करके हाईवा लेकर आमड़ापाड़ा स्थित आलूबेड़ा माइंस से कोयला लोड के लिए जा रहे था| इस दौरान गोपीकांदर थाना क्षेत्र दुर्गापुर ढलान के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आने से यह घटना घट गई| बीजीआर कंपनी के पेट्रोलिंग मैनेजर मनोज चांद के देख रेख में क्षतिग्रस्त वाहन को जेसीबी मशीन और एक क्रेन के सहारे गड्ढे से निकाला गया।