बगहा से जहां नगर के रत्नमाला वार्ड 33 में पुलिस का संवाद कार्यक्रम, होली और रमज़ान शांतिपूर्ण मनाने का संदेश
बगहा / मोहम्मद इम्तियाज: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा नगर के रत्नमाला वार्ड 33 स्थित सरकार विद्यालय में पुलिस प्रशासन द्वारा सामुदायिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य होली और रमज़ान जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने का संदेश देना था।
इस अवसर पर बगहा के पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली और रमज़ान दोनों ही भाईचारे और प्रेम का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की भावना रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की बात कही। कार्यक्रम में कुमार देवेंद्र (एसडीपीओ), शैलेश कुमार (नगर थाना अध्यक्ष) समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
संवाद कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय मोहल्लेवासी तथा कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए। पूर्व सभापति प्रतिनिधि फिरोज आलम, जदयू नेता मोहम्मद गयासुद्दीन तथा पूर्व वार्ड पार्षद परवेज आलम ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से सीधे संवाद कर यह चर्चा की गई कि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में कैसे मनाया जाए और किसी भी प्रकार की अफवाहों से कैसे बचा जाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रत्नमाला में पहली बार इस तरह का पुलिस संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिससे लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।
Raftaar Media | सच के साथ