logo

साइबर स्लेवरी गैंग का भंडाफोड़, 2 शातिर एजेंट गिरफ्तार

 

 

बलरामपुर, 16 फरवरी। विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवकों को साइबर स्लेवरी में धकेलने वाले अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो शातिर एजेंटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त यूट्यूब चैनल के जरिए थाईलैंड में डाटा एंट्री नौकरी का लालच देकर रुपये वसूलते थे और पीड़ितों को अवैध रूप से लाओस ले जाकर स्कैम कम्पाउंड में बेच देते थे, जहां उनसे जबरन साइबर ठगी कराई जाती थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फैजान रजा (संत कबीर नगर) और राम प्रवेश सिंह (जौनपुर/वर्तमान पता मुम्बई) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों संगठित मानव तस्करी व साइबर ठगी गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। राम प्रवेश लाओस में रिसीविंग व समन्वय करता था, जबकि फैजान भर्ती, इंटरव्यू और संपर्क का काम संभालता था। गिरोह पीड़ितों को करीब 2.5 लाख रुपये में बेच देता था और कमीशन आपस में बांटता था, जिसमें कुछ भुगतान क्रिप्टो के जरिए लिया जाता था।
मामले में बीएनएस, आईटी एक्ट व उत्प्रवास अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई साइबर थाना, साइबर सेल व सर्विलांस टीम की संयुक्त मेहनत से की गई।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS