राजन मंडल / रफ्तार मीडिया संवाददाता करमाटांड़
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के सरस्वती विद्या मंदिर विद्यासागर विद्यालय में बुधवार को संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में किया गया।प्रतियोगिता में संकुल के पांच विद्यालयों के भैया-बहनों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विषयगत ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, तर्कशक्ति, बौद्धिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना था।प्रतियोगिता का आयोजन शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग में किया गया। इसमें संस्कृति ज्ञान, वैदिक गणित एवं विज्ञान प्रश्नोत्तरी जैसे विषयों पर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने त्वरित निर्णय क्षमता, स्मरण शक्ति और तार्किक सोच का परिचय दिया। बाल वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर विद्यासागर के बलजीत कुमार यादव, मोहित कुमार दास एवं साकेत मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।किशोर वर्ग में मनीष कुमार मंडल, मोहित रवानी एवं श्याम कुमार रजक तथा शिशु वर्ग में सात्विक पाठक, आरब सिंह एवं कृष्णा कुमार यादव की टीम प्रथम रही।कथा-कथन में शिशु वर्ग से आर्यन मंडल और मूर्ति निर्माण कला में किशोर वर्ग से शुसंकेत कुमार साह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वही विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार दांगी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विजेताओं एवं मार्गदर्शक आचार्यों को शुभकामनाएं दीं। तीनों वर्गों में प्रथम स्थान मिलने से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कर्मी उपस्थित थे।