रफ़्तार संवाददाता अभिषेक गुप्ता चान्हो
प्रोजेक्ट +2 उच्च विद्यालय, टांगर में चरित्र प्रमाण पत्र, विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र (टीसी) तथा अन्य मदों के नाम पर कथित अवैध शुल्क वसूली के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमविरुद्ध शुल्क वसूली तत्काल बंद करने और वसूली गई राशि लौटाने की मांग की।
एबीवीपी का आरोप है कि विद्यालय में वार्षिक शुल्क, पंजीकरण, टीसी, चरित्र प्रमाण पत्र सहित विभिन्न मदों के नाम पर छात्रों से राशि वसूली जा रही थी। संगठन ने सभी शुल्क की वैध रसीद उपलब्ध कराने तथा नियमों के अनुरूप ही शुल्क लेने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद प्रधानाचार्य इवोंन ई. एक्का ने छात्र प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध शुल्क वसूली नहीं की जाएगी तथा चरित्र प्रमाण पत्र निःशुल्क जारी किया जाएगा। साथ ही विद्यालय में हुई चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कराने की बात भी कही।
प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि उनके प्रभार ग्रहण करने से पहले से ही विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र (टीसी) के लिए 100 रुपये लिए जाते रहे हैं, जो विद्यालय के विकास निधि में जमा किए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस राशि का व्यक्तिगत उपयोग नहीं किया जाता तथा कई विद्यालयों में इस प्रकार का शुल्क लिया जाता है।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल छात्रों का आरोप है कि उनसे चरित्र प्रमाण पत्र और टीसी के नाम पर 200-200 रुपये वसूले गए। एबीवीपी ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई तथा छात्रों से वसूली गई राशि वापस कराने की मांग की जाएगी।
आंदोलन में दीपक कुमार सिंह, राहुल ठाकुर, रोहित साहू, सुभाष कुमार, अनिकेत सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।